बिलासपुर। बिलासपुर संभाग में सोमवार को कई अहम घटनाक्रम सामने आए हैं। कोरबा में सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं बिलासपुर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ट्रैफिक सिग्नलों के संचालन समय में बदलाव की तैयारी की जा रही है। दूसरी ओर कोनी क्षेत्र में नदी किनारे अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई, जबकि जांजगीर-चांपा में एक आरक्षक ने थाना बैरक में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इधर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के जरिए आठ दिनों में खराब हैंडपंप की मरम्मत कर ग्रामीणों को राहत मिली है।
सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार
कोरबा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और जंतर-मंतर पर हुए धरना प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी शेखर सिंह रत्नाकर को गिरफ्तार किया है। भाजयुमो मंडल पोड़ी-उपरोड़ा के उपाध्यक्ष गौरव चतुर्वेदी की शिकायत पर बांगो थाना पुलिस ने जांच शुरू की थी। जांच में आरोपी की भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो से कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए कार्रवाई की गई।
सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक चलेंगे ट्रैफिक सिग्नल
बिलासपुर। शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और ट्रैफिक जाम को देखते हुए यातायात पुलिस ट्रैफिक सिग्नलों के संचालन समय में बदलाव की तैयारी कर रही है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत प्रमुख चौराहों के सिग्नल अब सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक संचालित किए जाएंगे। वर्तमान में सिग्नल सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक चालू रहते हैं।
यातायात पुलिस का मानना है कि सुबह और देर रात तेज रफ्तार वाहनों पर निगरानी बढ़ेगी तथा सीसीटीवी कैमरों की मदद से नियम तोड़ने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी।
सुबह के समय बढ़ रहे हादसे
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हाल के दिनों में सुबह के समय कई गंभीर सड़क हादसे हुए हैं। कम ट्रैफिक का फायदा उठाकर तेज गति से वाहन चलाने के कारण दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। नई व्यवस्था लागू होने से सड़क सुरक्षा बेहतर होने और दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।
यातायात एएसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक सिग्नल संचालित करने की योजना तैयार की गई है, जिसे जल्द लागू किया जाएगा।
अरपा नदी किनारे मिला अज्ञात युवक का शव
बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र के सेंदरी स्थित अरपा नदी किनारे रविवार को करीब 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
थाना बैरक में आरक्षक ने की आत्महत्या
जांजगीर-चांपा। हसौद थाना परिसर स्थित बैरक में पदस्थ आरक्षक जय लहरे ने शनिवार शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उन्होंने मच्छरदानी की रस्सी से फंदा बनाकर बैरक की खिड़की में लटककर जान दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सक्ती एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में स्वास्थ्य संबंधी परेशानी की बात सामने आई है। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता मर्ग जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से 8 दिन में सुधरा हैंडपंप
बिलासपुर। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से ग्राम धमनी के ग्रामीणों को पेयजल संकट से राहत मिली है। गांव निवासी राहुल यादव ने 28 जून 2026 को सार्वजनिक हैंडपंप खराब होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जिला प्रशासन और संबंधित विभाग की त्वरित कार्रवाई के बाद 6 जुलाई को हैंडपंप की मरम्मत कर उसे दोबारा चालू कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने समय पर समस्या का समाधान होने पर संतोष जताया।
आज होगा एल्डरमैन का शपथ ग्रहण
मल्हार। नगर पंचायत मल्हार के तीन मनोनीत एल्डरमैन सोमवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। दोपहर 12 बजे मंगल भवन में आयोजित समारोह में पूर्व विधायक डॉ. के.एम. बांधी, भाजपा जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल, जिला मंत्री एस. कुमार मनहर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। हाल ही में राज्य शासन ने वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता रामनारायण कश्यप, धर्मेंद्र सिंह और रवि कैवर्त को एल्डरमैन नियुक्त किया है।





