Dharsiwa। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के सारागांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बुजुर्ग ग्रामीण हाइटेंशन टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा।
बताया जा रहा है कि प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उसका मकान बुलडोजर से तोड़ दिया गया था, जिससे नाराज होकर उसने यह कदम उठाया।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार पीड़ित कालिया साहू अपने परिवार के साथ वर्षों से सारागांव में रह रहा था। परिवार खेती और मेहनत-मजदूरी कर गुजर-बसर करता है। आरोप है कि प्रशासन ने अतिक्रमण बताते हुए उसका मकान जमींदोज कर दिया, जिसके बाद पूरा परिवार सड़क पर आ गया।
पीड़ित के अनुसार घर टूटने के बाद उसने न्याय के लिए कई जगह गुहार लगाई, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर वह हाइटेंशन टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा।
मौके पर पहुंचा प्रशासन
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल अधिकारियों द्वारा बुजुर्ग को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश की जा रही है।
प्रशासन ने क्या कहा?
सारागांव के नायब तहसीलदार के अनुसार संबंधित परिवार ने करीब सात डिसमिल जमीन पर अतिक्रमण कर रखा था। शिकायत मिलने के बाद बेदखली का आदेश जारी किया गया था।
अधिकारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष ने आदेश के खिलाफ अपील भी की थी, लेकिन अपील खारिज होने के बाद ग्राम पंचायत के सहयोग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
प्रशासन का कहना है कि परिवार का एक अन्य मकान भी अतिक्रमण क्षेत्र में है, लेकिन उसकी शिकायत नहीं मिलने के कारण फिलहाल उसे नहीं हटाया गया है।





