अलदा में स्पंज आयरन प्लांट को लेकर विवाद तेज
बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अलदा में प्रस्तावित स्पंज आयरन प्लांट को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा लगाए गए फर्जी एनओसी के आरोपों के बाद अब इस मामले ने तूल पकड़ लिया है।
पूर्व CM के आरोपों पर मंत्री का पलटवार
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी हुई है तो उसकी जांच जरूर होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उद्योग स्थापना का निर्णय पंचायत और ग्रामीणों पर निर्भर करता है—अगर गांव वाले एनओसी देना चाहें तो दें, नहीं चाहें तो न दें।
क्या है पूरा विवाद?
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक दिन पहले ग्राम अलदा और देवरी के किसानों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया था कि स्पंज आयरन प्लांट लगाने के लिए फर्जी ग्राम पंचायत एनओसी का इस्तेमाल किया गया है।
उन्होंने इस मामले में स्थानीय विधायक और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा को भी कटघरे में खड़ा किया था।
मंत्री ने नियमों की दी जानकारी
मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि उद्योग स्थापना के सभी नियम स्पष्ट हैं और प्रक्रिया के अनुसार ही काम किया जाता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में उद्योग लगाना है या नहीं, इसका अंतिम निर्णय स्थानीय पंचायत और ग्रामीणों का होता है।
पेट्रोल-डीजल संकट पर भी दी प्रतिक्रिया
प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति को लेकर चल रही चर्चा पर मंत्री ने कहा कि यह वैश्विक संकट के कारण उत्पन्न स्थिति है। उन्होंने जनता से अपील की कि ईंधन का उपयोग सोच-समझकर करें और जहां संभव हो वहां सार्वजनिक परिवहन (बस) का उपयोग करें।





