रायपुर। राजधानी में आयोजित होली मिलन समारोह में मुख्य अतिथि सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मुंगेली के वरिष्ठ पत्रकार प्रेम आर्य द्वारा संपादित होली विशेषांक ‘मामा भांजा टाइम्स’ का विमोचन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि वे खुद को सबसे बड़ा कलाकार मानते हैं। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, “मेरी कलाकारी से पूरा छत्तीसगढ़ डरता है, अब पूरे भारत को डराने के लिए आप लोगों ने मुझे दिल्ली भेज दिया है।”
उन्होंने कहा कि किसी पत्रिका का 42 वर्षों तक निरंतर प्रकाशन उसकी विश्वसनीयता और पाठकों के अटूट प्रेम का प्रमाण है। ‘मामा भांजा टाइम्स’ ने मुंगेली ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की संस्कृति और जनमानस की आवाज को मजबूती से उठाया है। उन्होंने प्रधान संपादक प्रेम आर्य और उनकी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बिलासपुर हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश केशरवानी ने की। इस अवसर पर रायपुर, मुंगेली और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए साहित्यकारों, पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। अतिथियों ने पत्रिका की सामग्री और सामाजिक सरोकारों की सराहना की।
चार दशक का गौरवशाली सफर
प्रधान संपादक प्रेम आर्य ने बताया कि ‘मामा भांजा टाइम्स’ केवल एक पत्रिका नहीं, बल्कि एक परंपरा है। 42वें होली विशेषांक में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, होली के रंग और समसामयिक विषयों को प्रमुखता दी गई है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और पत्रिका की निरंतर सफलता की कामना की।





