June 10, 2026

जांजगीर-चांपा: पति-पत्नी हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी और सराफा कारोबारी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र स्थित सेंदुरस गांव में हुए चर्चित पति-पत्नी हत्याकांड और लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में दो आरोपियों सहित लूटे गए आभूषण खरीदने वाले एक सराफा व्यापारी को गिरफ्तार किया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी वर्ष 2024 के मुक्ता गांव डबल मर्डर केस में भी शामिल थे।

बरामदे में सो रहे दंपती की कर दी थी हत्या

2 और 3 जून 2026 की दरमियानी रात सेंदुरस गांव में घर के बरामदे में सो रहे पुरुषोत्तम खुंटे और उनकी पत्नी गुहारिन बाई खुंटे की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद घर से सोने के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन भी गायब मिले थे।

मोबाइल ट्रेसिंग से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच में एसपी प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन में पुलिस, साइबर सेल, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को लगाया गया। मोबाइल टावर डंप, कॉल डिटेल और CEIR पोर्टल की मदद से पुलिस आरोपी देवकुमार यादव तक पहुंची, जिसके पास मृतक का मोबाइल मिला। पूछताछ में उसने साथी रूपचरण यादव के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।

पुरानी रंजिश में की हत्या

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर मृतक से विवाद हुआ था। इसी रंजिश में दोनों ने घर में घुसकर सो रहे दंपती के सिर और चेहरे पर लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद आभूषण, नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए।

सराफा व्यापारी को भी भेजा गया जेल

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने लूटे गए सोने के आभूषण जैजैपुर के खिलेश्वर ज्वेलर्स संचालक बाबूलाल साहू को 84 हजार रुपये में बेच दिए थे। पुलिस ने व्यापारी को गिरफ्तार कर आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।

2024 के डबल मर्डर केस का भी खुलासा

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने जून 2024 में मुक्ता गांव में मगनलाल गबेल और बुधवारा बाई गबेल की हत्या करना भी स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार पुरानी रंजिश के चलते दोनों ने घर में घुसकर दंपती की हत्या की थी और आभूषण लूट लिए थे।

बड़ी मात्रा में सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 9 ग्राम सोने के आभूषण, 5 ग्राम गला हुआ सोना, 77 हजार रुपये नकद, बाइक, हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।

पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार

दोनों डबल ब्लाइंड मर्डर केस सुलझाने पर बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने पूरी पुलिस टीम के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा की है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।