July 24, 2026

भिलाई से बॉलीवुड तक आकाशादित्य लामा का सफर, 24 जुलाई को रिलीज होगी ‘दुल्हनिया ले आएगी’

भिलाई। भिलाई में पढ़ाई करने वाले लेखक और निर्देशक आकाशादित्य लामा आज बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। मुंबई में सफल करियर बनाने के बावजूद उनका छत्तीसगढ़ से जुड़ाव आज भी बरकरार है। यही वजह है कि उनकी चर्चित फिल्म ‘बंगाल 1947’ की शूटिंग पूरी तरह छत्तीसगढ़ में की गई थी। अपनी फिल्मों और बातचीत में भी वे अक्सर भिलाई और छत्तीसगढ़ का जिक्र करते हैं।

24 जुलाई को रिलीज होगी ‘दुल्हनिया ले आएगी’

आकाशादित्य लामा के निर्देशन में बनी नई फिल्म ‘दुल्हनिया ले आएगी’ 24 जुलाई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। फिल्म में खुशाली कुमार, महेश मांजरेकर, पियूष मिश्रा समेत कई अनुभवी कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। दमदार स्टारकास्ट, मनोरंजक कहानी और संगीत की वजह से फिल्म रिलीज से पहले ही चर्चा में है।

स्पेशल सॉन्ग बना चर्चा का केंद्र

फिल्म का स्पेशल सॉन्ग सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें लारिसा बोनेसी अपनी ग्लैमरस प्रस्तुति से दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। गाने की लोकप्रियता के साथ फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता भी लगातार बढ़ रही है।

दिग्गज निर्देशकों के साथ किया काम

आकाशादित्य लामा ने अपने करियर की शुरुआत लेखक के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने लंबे समय तक फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री में काम किया। वे प्रियदर्शन और अनिल शर्मा जैसे दिग्गज फिल्म निर्देशकों के साथ सहायक निर्देशक रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने सूरज बड़जात्या के लोकप्रिय टीवी शोज़ के लिए भी लेखन किया है। आज वे लेखक, निर्देशक और क्रिएटिव विज़न वाले बहुमुखी फिल्मकारों में गिने जाते हैं।

छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात

मुंबई में पहचान बनाने के बाद भी आकाशादित्य लामा अपनी जड़ों से जुड़े हुए हैं। उनकी नई फिल्म ‘दुल्हनिया ले आएगी’ से दर्शकों और फिल्म कारोबार को काफी उम्मीदें हैं। छत्तीसगढ़ के लिए यह केवल एक फिल्म की रिलीज नहीं, बल्कि प्रदेश से जुड़े एक प्रतिभाशाली फिल्मकार की सफलता का गौरवपूर्ण क्षण भी है।