July 31, 2026

शराब माफियाओं पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस पर हमला, सुबह 6 आरोपी गिरफ्तार

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। रात में तनावपूर्ण स्थिति और भारी हंगामे के बीच पुलिसकर्मियों को गांव से वापस लौटना पड़ा। इसके बाद शुक्रवार सुबह दोबारा कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें 4 पुरुष, एक महिला और एक नाबालिग शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात कांदगड़ी के आश्रित ग्राम डोंगरीपानी में अवैध शराब बिक्री की सूचना मिलने पर 8 पुलिसकर्मियों की टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस दल का विरोध करते हुए उन पर हमला कर दिया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने संयम बरतते हुए रात में गांव छोड़ दिया।

अगली सुबह पुलिस ने दोबारा गांव पहुंचकर कार्रवाई की और मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में चार पुरुष, एक महिला और एक नाबालिग शामिल हैं।

सहायक उपनिरीक्षक यदुराज की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सुमित्रा नेताम, चुनेश्वर मरकाम समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 109, 115(2), 121(1), 132, 191(2), 191(3), 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बाधित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।