July 30, 2026

15 अगस्त के बाद कांग्रेस का संगठनात्मक अभियान तेज, भाजपा सरकार पर दीपक बैज का हमला

रायपुर। दिल्ली दौरे से लौटने के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष दीपक बैज ने संगठन विस्तार, आगामी राजनीतिक रणनीति और प्रदेश के विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने घोषणा की कि 15 अगस्त के बाद प्रदेशभर में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने सीजीपीएससी, पेपर लीक, स्वास्थ्य व्यवस्था और संगठन के विस्तार को लेकर कांग्रेस की आगामी रणनीति भी साझा की।

बैज ने बताया कि अगस्त महीने में सरगुजा और बस्तर संभाग के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि सितंबर में शेष तीन संभागों के अध्यक्षों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हुई समीक्षा बैठक में संगठन के कार्यों का मूल्यांकन किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदर्शन की सराहना की गई। कनेक्ट सेंटर के माध्यम से संगठन की ऑनलाइन रिपोर्टिंग नियमित रूप से हो रही है और उसी के आधार पर संगठन की सक्रियता का आकलन किया गया।

उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्षों की नियुक्ति से लेकर मंडल और पंचायत स्तर तक संगठन के विस्तार का कार्य प्रभावी ढंग से हुआ है। कांग्रेस वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य बनाकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। इसी रणनीति के तहत कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि आगामी राजनीतिक चुनौतियों का मजबूती से सामना किया जा सके।

पीसीसी की नई टीम को लेकर दीपक बैज ने कहा कि पार्टी हाईकमान बूथ, ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर तक सभी पदाधिकारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर रहा है। उन्होंने बताया कि नई प्रदेश कार्यकारिणी में 10 से 20 प्रतिशत नए चेहरों को अवसर दिया जाएगा, जबकि अधिकांश मौजूदा पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों पर बने रहेंगे। जो पदाधिकारी संगठन को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं, उनकी जगह सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में हाईकमान के निर्देश मिल चुके हैं और जल्द ही नई नियुक्तियां की जाएंगी।

सीजीपीएससी भर्ती विवाद को लेकर भाजपा सांसद संतोष पांडे के बयान पर पलटवार करते हुए बैज ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान पीएससी घोटाले का मुद्दा उठाकर जनता से वोट मांगे थे, लेकिन अब सरकार एक ओर जांच की बात कर रही है और दूसरी ओर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति भी दे रही है। उन्होंने सवाल किया कि यदि सरकार को घोटाले पर भरोसा है तो नियुक्तियां रद्द क्यों नहीं की जा रही हैं। उनके अनुसार भाजपा ने केवल राजनीतिक लाभ लेने के लिए कांग्रेस पर आरोप लगाए थे।

एंटी पेपर लीक कानून पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। बैज ने कहा कि वर्ष 2024 में भी ऐसा कानून बनाया गया था, लेकिन उसके बावजूद कई पेपर लीक की घटनाएं सामने आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि दो दर्जन से अधिक मामलों में शामिल अधिकारियों को क्लीन चिट दे दी गई। उन्होंने कहा कि केवल कानून बना देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका सख्ती से पालन और दोषियों पर कार्रवाई जरूरी है।

स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में लोग मलेरिया और डायरिया जैसी बीमारियों से जान गंवा रहे हैं, जबकि सरकार अपनी उपलब्धियों का प्रचार करने में व्यस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में स्ट्रेचर से सीमेंट ढोया जा रहा है और बाजार में नकली दवाइयों की बिक्री हो रही है। बैज ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री को प्रचार करने के बजाय स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति सुधारने पर ध्यान देना चाहिए।