रायपुर। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के बाद अब छत्तीसगढ़ में क्रिकेट का रोमांच एक बार फिर लौटने जा रहा है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) के तीसरे सीजन की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। यह टूर्नामेंट 3 जून से 14 जून 2026 तक नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
टूर्नामेंट के शुभारंभ से पहले 19 मई को शाम 5:30 बजे उमरिया (नवा रायपुर) स्थित होटल मायरा में सभी टीमों और उनकी जर्सी का भव्य लॉन्च किया जाएगा।
इस सीजन में छत्तीसगढ़ की छह टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी—
रायपुर राइनोज, राजनांदगांव पैंथर्स, बिलासपुर बुल्स, सरगुजा टाइगर्स, रायगढ़ लायंस और बस्तर बायसंस।
पिछले सीजन का इतिहास भी दिलचस्प रहा है। पहले सीजन में रायपुर राइनोज ने बिलासपुर बुल्स को हराकर खिताब जीता था, जबकि सीजन-2 में बारिश के कारण फाइनल नहीं हो सका और रायपुर राइनोज व राजनांदगांव पैंथर्स को संयुक्त विजेता घोषित किया गया था।
आयोजन समिति के अनुसार, इस बार लीग को और अधिक भव्य और व्यवस्थित रूप में आयोजित किया जाएगा, जिससे राज्य के युवा खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिल सके और उन्हें बीसीसीआई के घरेलू क्रिकेट में अवसर प्राप्त हो सके।
वहीं क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक और बड़ी खबर यह है कि रायपुर स्टेडियम अब बीसीसीआई के अधीन आ चुका है, जिससे यहां नियमित रूप से अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल मैचों के आयोजन की संभावना बढ़ गई है।





