May 14, 2026

खाद्य मंत्री दयालदास बघेल की समीक्षा बैठक, 31 मई तक धान उठाव पूरा करने के निर्देश

मंत्रालय में विभागीय योजनाओं की हुई समीक्षा

दयालदास बघेल ने मंत्रालय महानदी भवन में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की योजनाओं, धान उठाव, कस्टम मिलिंग और सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में खरीफ वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान के निराकरण, धान खरीदी केंद्रों और संग्रहण केंद्रों से धान उठाव, कस्टम मिलिंग तथा एफसीआई और नागरिक आपूर्ति निगम में चावल जमा करने की प्रगति की जानकारी ली गई।

31 मई तक पूरा हो धान उठाव

खाद्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीफ वर्ष 2025-26 के उपार्जन एवं संग्रहण केंद्रों में शेष धान का उठाव 31 मई 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए।

उन्होंने कस्टम मिलिंग के बाद चावल जमा करने की प्रक्रिया में तेजी लाने और तय समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

तीन माह के राशन वितरण की समीक्षा

बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत अप्रैल, मई और जून 2026 के लिए तीन माह के एकमुश्त चावल भंडारण और वितरण की समीक्षा भी की गई।

मंत्री बघेल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित समय सीमा में राशन वितरण का कार्य पूरा किया जाए ताकि हितग्राहियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

रिक्त पदों पर जल्द भर्ती के निर्देश

समीक्षा बैठक में खाद्य संचालनालय, जिला कार्यालयों, नागरिक आपूर्ति निगम, राज्य भंडार गृह निगम और छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

मंत्री दयालदास बघेल ने आवश्यक पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

निर्माणाधीन गोदाम जल्द पूरे करने के निर्देश

राज्य में खाद्यान्न भंडारण क्षमता की समीक्षा करते हुए मंत्री ने निर्माणाधीन गोदामों को तय समय सीमा में पूरा कर उपयोग में लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

इसके साथ ही सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न वितरण, पूरक पोषण आहार और मध्यान्ह भोजन जैसी योजनाओं से जुड़े कमीशन भुगतान जल्द करने के निर्देश भी दिए गए।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में रीना बाबासाहेब कंगाले, डॉ. फरिहा आलम, जितेंद्र शुक्ला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।