Bilaspur। न्यायधानी बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम गतौरी के वृंदावन ग्रीन फार्म में चल रहे हाईप्रोफाइल जुआ फड़ पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान फार्म मालिक समेत 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार जुआ खेले जाने की सूचना मिलने पर CSP सिविल लाइन और SDOP कोटा की संयुक्त टीम ने वृंदावन ग्रीन फार्म में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान फार्म मालिक मनीष शर्मा सहित आठ लोगों को जुआ खेलते पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 लाख 80 हजार रुपए नकद, 11 मोबाइल फोन और 5 चार पहिया वाहन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में रोशन सिंह, मुन्ना गोयल, विकास सिंह, मनीष शर्मा, नीरज शर्मा, दीपक अग्रवाल, चंद्रकिशन अग्रवाल और मयंक सोनकर शामिल हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।





