सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में जमीन हड़पने का बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें 68 वर्षीय महिला ने अपनी करोड़ों रुपये की जमीन की फर्जी तरीके से रजिस्ट्री कराने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि उनसे केवल 24 डिसमिल जमीन बेचने का सौदा हुआ था, लेकिन दलालों ने धोखाधड़ी कर पूरी 3.17 एकड़ जमीन की रजिस्ट्री करा ली।
यह मामला मणिपुर थाना क्षेत्र के भिट्ठीकला महुआ टिकरा का है। पीड़िता सावित्री यादव ने आरोप लगाया कि सौदे के समय उन्हें सीमित जमीन बेचने की बात बताई गई थी, लेकिन बाद में दस्तावेजों में हेराफेरी कर पूरी जमीन का हस्तांतरण कर दिया गया। जमीन की कीमत 5 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि गांव के डोमन राजवाड़े ने दलाली की भूमिका निभाई और रायपुर निवासी पुष्पा अग्रवाल व अनिल अग्रवाल सहित कुल छह लोगों के नाम भी शिकायत में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कागजात पर धोखे से हस्ताक्षर कराए गए और पूरी रजिस्ट्री कर ली गई।
इस मामले को लेकर पीड़िता और ग्रामीण आज कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
कलेक्टर अजीत वसंत ने मामले में कहा कि रजिस्ट्री निरस्त करने का अधिकार सिविल कोर्ट के पास है, इसलिए पीड़िता को वहां आवेदन करना होगा। साथ ही नामांतरण विवाद को लेकर एसडीएम कोर्ट में अपील करने की सलाह दी गई है। अगर जांच में त्रुटि पाई जाती है तो नामांतरण निरस्त किया जा सकता है।




