50 हजार रुपये लेते वीडियो वायरल
मनेन्द्रगढ़ उपजेल से रिश्वतखोरी का बड़ा मामला सामने आया है। उपजेल में पदस्थ प्रहरी संतोष तिवारी का 50 हजार रुपये रिश्वत लेते कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में प्रहरी कथित तौर पर “राधे-राधे” बोलते हुए रिश्वत की रकम जेब में रखते दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
विचाराधीन कैदियों से अवैध वसूली के आरोप
जानकारी के मुताबिक प्रहरी पर विचाराधीन कैदियों को प्रताड़ित करने और उनसे अवैध वसूली करने के गंभीर आरोप लगे हैं।
आरोप है कि एक विचाराधीन कैदी के परिजनों से करीब 1 लाख 30 हजार रुपये तक की वसूली की गई। पूरा घटनाक्रम वीडियो में कैद हो गया, जिसके बाद मामला सार्वजनिक हुआ।
जेल अधीक्षक ने किया निलंबित
वीडियो वायरल होने के बाद जेल अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रहरी संतोष तिवारी को निलंबित कर दिया है।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना सामने आने के बाद जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।





