July 29, 2026

पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से हमला, दिनदहाड़े वारदात से मचा हड़कंप; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुरानी रंजिश को लेकर दिनदहाड़े चाकूबाजी की घटना सामने आई है। कुरूद थाना क्षेत्र में दो बदमाशों ने एक युवक पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

सुनील सिनेमा के पास हुई वारदात

जानकारी के मुताबिक, घटना कुरूद थाना क्षेत्र के सुनील सिनेमा के पास की है। पीड़ित युवक वेदप्रकाश किसी काम से जा रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश रखने वाले दो युवक वहां पहुंचे और उसे घेर लिया। विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।

हमलावरों ने युवक की कमर पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में घायल का इलाज जारी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलते ही जांच शुरू कर दी है।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी

कुरूद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी खिलेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ सामने आया है। आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।