अभनपुर। रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लखना गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बीच स्थित तालाब में एक अज्ञात युवती का शव पानी में तैरता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के आसपास एकत्र हो गए। मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह कुछ ग्रामीण तालाब के पास पहुंचे थे, तभी उनकी नजर पानी में तैर रहे शव पर पड़ी। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया।
घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कई लोगों ने आशंका जताई है कि युवती की हत्या कर शव को तालाब में फेंका गया हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या या किसी अन्य कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि शव को तालाब से बाहर निकालकर पंचनामा की कार्रवाई की जाएगी और पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवती की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। साथ ही शव की पहचान कराने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास मिले संभावित साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है। इस घटना के बाद पूरे लखना गांव में दहशत का माहौल है और लोग पुलिस जांच के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।





