बिलासपुर। न्यायधानी में रविवार को पुलिस कार्रवाई, रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक घटना, हवाई सेवा संकट और कचरा प्रबंधन की लापरवाही जैसे कई अहम मामले सामने आए। चोरी के संदेह में कबाड़ी दुकान सील हुई, स्टेशन पर उतरते ही महिला की मौत हो गई, दिल्ली फ्लाइट घटने से किराया बढ़ा और व्यापार विहार में कचरे में आग लगने से जहरीला धुआं फैला।
🚔 कबाड़ी दुकान पर छापा, चोरी के शक में दुकान सील
पुराना बस स्टैंड स्थित मो. इमरान कबाड़ी दुकान पर पुलिस ने छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। दुकान में भारी मात्रा में कबाड़ मिलने पर पुलिस ने चोरी के सामान के संदेह में दुकान को सील कर दिया।
रविवार को एसएसपी रजनेश सिंह को सूचना मिली थी कि इमरान कबाड़ी चोरी के सामान की खरीद-बिक्री कर रहा है। इसके बाद उनके निर्देश पर सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केंवट टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
जांच के दौरान दुकान में वाहनों के कटे हुए पार्ट्स समेत बड़ी मात्रा में कबाड़ मिला। पुलिस ने संचालक को नोटिस देकर सामान से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
🚆 स्टेशन पर उतरते ही महिला की मौत
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां ट्रेन से उतरते ही एक महिला यात्री की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय संगीता बरवा, निवासी महुआ बलरामपुर, अपने पति रामधारी कुरें के साथ इलाज कराने मुंबई गई थीं। इलाज के बाद दोनों छत्रपति शिवाजी टर्मिनल–हावड़ा मेल से बिलासपुर लौट रहे थे।
भाटापारा स्टेशन पर रामधारी ने पत्नी को समोसा खिलाया, जिसके बाद वह सो गईं। बाद में कई बार आवाज देने पर भी नहीं उठीं। ट्रेन बिलासपुर पहुंचते ही महिला को नीचे उतारा गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
जीआरपी ने पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
✈️ बिलासपुर-दिल्ली फ्लाइट कम, रायपुर से किराया 10 हजार पार
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने बिलासपुर से दिल्ली की उड़ानें फिर से सप्ताह में 6–7 दिन चलाने की मांग की है। समिति का कहना है कि उड़ानें घटकर केवल 3 दिन होने से पूरे संभाग को नुकसान हो रहा है।
समिति के अनुसार रायपुर से दिल्ली का किराया अब 8500 से 12,000 रुपये तक पहुंच गया है। केवल देर रात पहुंचने वाली एक फ्लाइट में किराया करीब 6000 रुपये है, लेकिन कोहरे के कारण यात्री उसे पसंद नहीं कर रहे।
कई यात्री अब रायपुर के बजाय नागपुर जाकर दिल्ली की फ्लाइट ले रहे हैं, क्योंकि नागपुर से दिल्ली का किराया करीब 6000 रुपये मिल रहा है।
इसी मांग को लेकर समिति का धरना राघवेंद्र राव सभा भवन परिसर में जारी रहा, जिसमें बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक शामिल हुए।
🔥 व्यापार विहार में कचरे में आग, जहरीला धुआं फैला
बिलासपुर के व्यापार विहार स्थित त्रिवेणी भवन के पास डंप कचरे में रविवार दोपहर आग लग गई। अज्ञात तत्वों द्वारा आग लगाए जाने की आशंका है।
कचरे में पॉलिथीन और केमिकल युक्त पदार्थ होने से आग के साथ जहरीला धुआं उठा, जिससे आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। दूर-दूर तक धुआं दिखाई दिया, जिससे लोगों को आगजनी की आशंका हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम स्वच्छता पर करोड़ों खर्च कर रहा है, लेकिन कचरा प्रबंधन ठीक से नहीं हो पा रहा। इससे पहले सिरगिट्टी इलाके में भी डंप कचरे में आग लग चुकी है। नागरिकों ने आग लगाने वालों पर कार्रवाई और स्थायी समाधान की मांग की है।





