June 13, 2026

रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान तोड़ा दम, सीसीटीवी जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

रायगढ़। जिला जेल में बंद एक विचाराधीन बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान ग्राम नवापारा निवासी संजय बघेल के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन बड़ी संख्या में मेडिकल कॉलेज पहुंचे और हंगामा करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करने लगे।

जानकारी के अनुसार, संजय बघेल शराब से जुड़े एक मामले में पिछले कुछ दिनों से जिला जेल में बंद था। जेल में उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक के पिता प्यारेलाल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि तीन दिन पहले पुलिस ने उनके बेटे और उसके एक साथी को शराब बेचने के मामले में पकड़ा था। उनका आरोप है कि एक व्यक्ति को कथित रूप से 40 हजार रुपये लेकर छोड़ दिया गया, जबकि उनके बेटे को जेल भेज दिया गया। उन्होंने दावा किया कि जेल में संजय के साथ मारपीट की गई, जिसके कारण उसकी मौत हुई।

सरपंच ने उठाए सवाल, सीसीटीवी जांच की मांग

घटना की जानकारी मिलने पर गांव के सरपंच नंदकुमार भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने कहा कि यदि बंदी की मौत जेल में हुई है तो जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल निलंबित कर परिजनों को न्याय दिलाने की मांग की।

जांच की मांग पर अड़े परिजन

संजय बघेल की मौत के बाद जेल प्रबंधन और अधिकारियों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करने लगे। फिलहाल प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

मृत्यु के कारणों को लेकर अभी तक प्रशासन या जेल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं परिजन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।