भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर स्थित गौतम अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के करीब ढाई महीने बाद अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई पीड़िता के पति की शिकायत और पुलिस जांच के आधार पर की गई है।
जानकारी के अनुसार, 17 मई को प्रसव के लिए एक गर्भवती महिला को भानुप्रतापपुर स्थित गौतम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान महिला और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की थी।
मृतका के पति ने मामले की शिकायत भानुप्रतापपुर थाना में दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पुलिस ने गौतम अस्पताल के संचालक एवं प्रबंधक डॉ. अनिल गौतम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों और विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि इस मामले में अन्य किसी व्यक्ति की जिम्मेदारी बनती है या नहीं।
एफआईआर दर्ज होने के बाद क्षेत्र में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।





