बालोद। छत्तीसगढ़ में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए पहली बार 30 जुलाई को ‘महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। बालोद जिले में इस अभियान को सफल बनाने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशन में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने में जुटे हुए हैं।
इस अभियान में महतारी वंदन योजना की 2 लाख 45 हजार से अधिक लाभान्वित महिलाओं के साथ-साथ जिले की अन्य महिलाओं की भी भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक महिला अपने घर, आंगन या किसी उपयुक्त सार्वजनिक स्थान पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण की मुहिम में योगदान दे।
आंगनबाड़ी केंद्रों से मिलेंगे पौधे
अभियान के तहत महिलाओं को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। वन विभाग की नर्सरियों से करीब सवा दो लाख पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिले में अब तक पौधरोपण के लिए 2 लाख से अधिक गड्ढे खोदे जा चुके हैं और पौधों की आपूर्ति भी संबंधित स्थानों तक पहुंचाई जा चुकी है।
बालोद जिले की 440 से अधिक ग्राम पंचायतों में करीब 2 लाख पौधों का वितरण किया जा चुका है। प्रशासन ने पर्यावरण पार्क को भी पौधरोपण के लिए विशेष स्थल के रूप में चुना है।
फोटो अपलोड करने पर मिलेगा ऑनलाइन सर्टिफिकेट
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने बताया कि अभियान में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। नागरिक पौधे के साथ ली गई अपनी फोटो या सेल्फी आधिकारिक वेबसाइट mybalod.com पर अपलोड कर सकेंगे। फोटो अपलोड करने के बाद उन्हें ऑनलाइन प्रमाणपत्र भी डाउनलोड करने की सुविधा मिलेगी।
जनप्रतिनिधियों ने की भागीदारी की अपील
महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों ने भी लोगों से जुड़ने की अपील की है। भाजपा जिला महामंत्री सौरभ लुनिया ने कहा कि अधिक से अधिक लोग इस अभियान का हिस्सा बनें और महतारी वंदन योजना की लाभार्थी महिलाओं को भी इससे जोड़ें।
उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की है। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, विधायक संगीता सिन्हा और विधायक कुंवर सिंह निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने वीडियो जारी कर आम नागरिकों से अभियान में शामिल होने का आग्रह किया है।




