भिलाई में सुबह-सुबह बुजुर्ग महिलाओं से चेन स्नेचिंग, CCTV में कैद हुई वारदात
भिलाई। भिलाई भट्टी और सुपेला थाना क्षेत्र में सुबह-सुबह बुजुर्ग महिलाओं के साथ चेन स्नेचिंग की दो घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। दोनों वारदातें सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
पहली घटना प्रियदर्शनी परिसर में भाजपा कार्यालय के पास हुई, जहां सुबह करीब 6 बजे घर के बाहर टहल रही बुजुर्ग महिला को एक्टिवा सवार दो बदमाशों ने निशाना बनाया। वाहन चालक हेलमेट पहने हुए था, जबकि पीछे बैठे आरोपी ने चेहरे पर नकाब लगाया था।
वहीं दूसरी घटना भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र के सेक्टर-1 में हुई। यहां फूल तोड़ रही बुजुर्ग महिला के चेहरे पर मिर्ची पाउडर डालकर महिला आरोपी ने चेन खींच ली और बाइक सवार साथी के साथ फरार हो गई। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
महमरा एनीकट में 8 फीट ऊपर बह रहा पानी, शिवनाथ नदी में बाढ़ का खतरा
दुर्ग। लगातार बारिश के चलते शिवनाथ नदी उफान पर है। दुर्ग स्थित महमरा एनीकट के ऊपर करीब 8 फीट पानी बह रहा है। राजनांदगांव जिले के जलाशयों से छोड़े गए पानी के कारण नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
जानकारी के अनुसार मोंगरा, घुमरिया, सूखानाला और खातूटोला जलाशयों से करीब 28 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। हालांकि बाद में पानी की मात्रा घटाकर 15,803 क्यूसेक कर दी गई।
शिवनाथ में जलस्तर बढ़ने से कई रपटों पर आवागमन बंद हो गया है। आलबरस और अछोटी के बीच भी रास्ता बाधित हुआ है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
सरकारी योजना के नाम पर 4.50 लाख की ठगी, महिला के खिलाफ केस दर्ज
भिलाईनगर। सरकारी योजनाओं में निवेश कर अधिक लाभ दिलाने का झांसा देकर महिला से लाखों रुपये और सोने-चांदी के आभूषण ठगने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर सुपेला पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
पीड़िता रूबी खातून ने आरोप लगाया कि परिचित सबीना खान ने अलग-अलग सरकारी योजनाओं का हवाला देकर उससे करीब 4.50 लाख रुपये नकद और सोने की चेन, चांदी की पायल समेत अन्य जेवर ले लिए।
आरोपी ने रकम कई गुना वापस मिलने का भरोसा दिलाया था, लेकिन पैसे और जेवर वापस नहीं किए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शेयर ट्रेडिंग में दोगुना मुनाफे का झांसा, रिटायर्ड जीएम से 49 लाख की ठगी
भिलाईनगर। साइबर ठगों ने शेयर ट्रेडिंग में दोगुना लाभ का लालच देकर दुर्गापुर सेल से सेवानिवृत्त जीएम से 49 लाख रुपये ठग लिए।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित को फेसबुक पर शेयर ट्रेडिंग से जुड़ा विज्ञापन मिला था। संपर्क करने पर ठगों ने एक ऐप डाउनलोड कराया और निवेश की प्रक्रिया शुरू करवाई।
पहले 1.5 लाख रुपये लगाने के बाद पीड़ित लगातार ठगों के बताए अनुसार पैसे जमा करते गए और करीब डेढ़ महीने में 49 लाख रुपये गंवा बैठे। इसके बाद ठगों ने ऐप डिलीट कर दिया और संपर्क बंद कर दिया। मामले की जांच रेंज साइबर थाना कर रहा है।
गिरवी रखे जेवर वापस नहीं करने वाला सोनार गिरफ्तार
भिलाईनगर। खुर्सीपार पुलिस ने गिरवी रखे गए सोने-चांदी के जेवर वापस नहीं करने के आरोप में सोनार अमित सोनी को गिरफ्तार किया है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि आरोपी जरूरतमंद लोगों को ब्याज पर रकम देता था और बदले में जेवर गिरवी रखता था। रकम और ब्याज चुकाने के बाद भी जेवर वापस नहीं किए गए।
जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
रोजनामचा संधारण में लापरवाही, दो थानेदार और दो प्रधान आरक्षकों पर कार्रवाई
भिलाईनगर। शासकीय अभिलेखों के रखरखाव में लापरवाही बरतने पर दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने दो थाना प्रभारियों समेत चार पुलिसकर्मियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।
जांच में सामने आया कि पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र से 40 दिनों का रोजनामचा समय पर वरिष्ठ कार्यालय नहीं भेजा गया था। मामले में तत्कालीन थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज, वर्तमान थाना प्रभारी विजय यादव और प्रधान आरक्षकों आशीष मिश्रा व सुभाष जाटव पर कार्रवाई की गई।
जिला अस्पताल दुर्ग में बनेंगे 7 आधुनिक पेइंग रूम
दुर्ग। जिला अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधा देने के लिए सर्जिकल विंग फेस-2 का निर्माण शुरू किया गया है। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
करीब 4 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से बनने वाले भवन में 7 पेइंग रूम, दो वेटिंग हॉल, सेंट्रलाइज्ड एसी और टीवी जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
डोंगरगढ़-कटघोरा रेल लाइन को मंजूरी, पांच जिलों को मिलेगा लाभ
राजनांदगांव। बहुप्रतीक्षित कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल परियोजना को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल गई है। करीब 294.53 किलोमीटर लंबी इस ब्रॉडगेज विद्युतीकृत रेल लाइन पर लगभग 5950 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
परियोजना से कोरबा, बिलासपुर, मुंगेली, कबीरधाम और राजनांदगांव जिले को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है। इससे व्यापार, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
स्कॉर्पियो दिलाने के नाम पर 12.31 लाख की ठगी, शोरूम कर्मचारी पर FIR
डोंगरगढ़। स्कॉर्पियो वाहन दिलाने का झांसा देकर युवती से 12.31 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि महिंद्रा शोरूम कर्मचारी वरुण सलामे ने वाहन बुकिंग और लोन प्रक्रिया के नाम पर अलग-अलग खातों में रकम जमा कराई, लेकिन न वाहन दिया और न पैसे लौटाए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बने नारायण कन्नौजे
राजनांदगांव। जिला अधिवक्ता संघ चुनाव की मतगणना के बाद वरिष्ठ अधिवक्ता नारायण कन्नौजे अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।
सचिव पद पर संतोष रजक, कोषाध्यक्ष पद पर सुषमा चौहान और सह सचिव पद पर महेंद्र सिंह ठाकुर ने जीत दर्ज की।
ओवररेट शराब बिक्री मामले में आबकारी अधिकारी को नोटिस
राजनांदगांव। संभागीय उड़नदस्ता टीम ने मंडी बाईपास स्थित शराब दुकान में निर्धारित कीमत से अधिक दर पर शराब बिक्री पकड़ी है।
मामले में जिला आबकारी अधिकारी राजेश शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने सात दिनों में जवाब मांगा है, अन्यथा एकतरफा कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।




