कोंडागांव। नगर के कोपाबेड़ा जलाशय के सौंदर्यीकरण कार्य के दौरान निर्माणाधीन नाले में डूबने से 6 वर्षीय मासूम बच्ची चांदनी नाग की मौत हो गई। घटना गुरुवार सुबह करीब 10 बजे की है। इस हादसे के बाद निर्माण कार्य में सुरक्षा व्यवस्था की कमी और ठेकेदार की कथित लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, नहरपारा निवासी चांदनी नाग (6 वर्ष), पिता मानसिंह नाग, घर के पास खेलते समय निर्माणाधीन नाले में भरे पानी में फिसलकर गिर गई। नाले में पानी अधिक होने के कारण वह डूब गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद बच्ची को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों ने बच्ची के शव को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि इसी निर्माणाधीन स्थल पर इससे पहले भी एक बच्चे की डूबने से मौत हो चुकी है। इसके बावजूद निर्माण एजेंसी और ठेकेदार की ओर से न तो बैरिकेडिंग की गई और न ही किसी प्रकार के चेतावनी बोर्ड या सुरक्षा इंतजाम किए गए, जिससे एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए होते, तो इस मासूम की जान बचाई जा सकती थी।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माणाधीन स्थलों पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।





