July 25, 2026

शिवनाथ नदी में नहाने उतरे दो बच्चे बह गए, एक का शव बरामद; दूसरे की तलाश जारी

दुर्ग। जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र के गनियारी स्थित शिवनाथ नदी में नहाने के दौरान दो बच्चे तेज बहाव में बह गए। सूचना मिलते ही पुलगांव थाना पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची। शुक्रवार शाम तक चले सर्च अभियान में दोनों का पता नहीं चल सका, लेकिन शनिवार सुबह शुरू हुए अभियान के दौरान एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, दुर्ग के उरला क्षेत्र के रहने वाले आठ दोस्त शुक्रवार दोपहर जन्मदिन मनाने शिवनाथ नदी पहुंचे थे। बर्थडे सेलिब्रेशन के बाद शाम करीब 4 बजे 14 वर्षीय रेहान खान और 12 वर्षीय आरव नदी में नहाने के लिए उतरे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।

नदी किनारे मौजूद उनके एक साथी ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण वह सफल नहीं हो सका। इसके बाद अन्य बच्चों ने परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी।

शनिवार सुबह 6 बजे से एसडीआरएफ ने विशेष सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब दो घंटे की तलाश के बाद घटना स्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर रेहान खान का शव बरामद किया गया, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया।

फिलहाल एसडीआरएफ और पुलिस की टीम आरव की तलाश में लगातार सर्च अभियान चला रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और क्षेत्र में शोक का माहौल है।