July 24, 2026

UCC पर सीएम साय का बड़ा ऐलान: शीतकालीन सत्र में होगा पारित करने का प्रयास, कांग्रेस के प्रदर्शन पर भी साधा निशाना

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित समिति की बैठक जल्द होगी। समिति की सिफारिशों के आधार पर आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र में UCC विधेयक पारित करने का प्रयास किया जाएगा।

शीतकालीन सत्र में लाया जाएगा UCC

कर्नाटक रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार समान नागरिक संहिता को लागू करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि समिति की बैठक के बाद रिपोर्ट पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और शीतकालीन सत्र में इसे सदन में प्रस्तुत करने की तैयारी है।

कांग्रेस के प्रदर्शन पर साधा निशाना

रायपुर में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर मुख्यमंत्री साय ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती।

मुख्यमंत्री ने कहा, “कांग्रेस कार्यकर्ता कश्मीर की तरह पत्थरबाजी पर उतर आए हैं। लोकतंत्र में विरोध का अधिकार है, लेकिन हिंसा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई होना तय है।”

कर्नाटक दौरे पर भी दी जानकारी

मुख्यमंत्री साय ने अपने कर्नाटक दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि वे सत्य साईं ग्राम में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों से मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर चर्चा भी करेंगे।