कवर्धा। जिले की चिल्फी घाटी में एक बार फिर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है। नाग मोड़ी के पास एक ट्रक से भारी मशीन सड़क पर गिर जाने के कारण रायपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-30) पर पिछले 12 घंटे से अधिक समय से जाम की स्थिति बनी हुई है। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, जबलपुर की ओर से आ रहे एक ट्रक में फैक्ट्री की भारी-भरकम मशीन लोड थी। चिल्फी घाटी के नाग मोड़ी के पास पहुंचते ही मशीन अचानक ट्रक से फिसलकर सड़क के बीचों-बीच गिर गई। हादसे के बाद मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया और यातायात ठप पड़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही चिल्फी पुलिस मौके पर पहुंची और मशीन को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। हालांकि मशीन का वजन अधिक होने के कारण उसे हटाने में काफी दिक्कतें आ रही हैं, जिससे यातायात बहाल होने में समय लग रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चिल्फी घाटी में जाम की समस्या नई नहीं है। घाटी के संकरे और घुमावदार मार्ग पर भारी वाहनों के कारण अक्सर ऐसी स्थिति बनती रहती है, जिससे यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।
लोगों ने प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग करते हुए घाटी क्षेत्र में यातायात प्रबंधन को और मजबूत बनाने की जरूरत बताई है।




