May 13, 2026

RCB-KKR मैच के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, जानिए स्टेडियम पहुंचने का रूट और पार्किंग व्यवस्था

रायपुर। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के तहत रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर रायपुर यातायात पुलिस ने दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

यातायात पुलिस के मुताबिक रायपुर शहर से आने वाले दर्शक तेलीबांधा थाना तिराहा से नेशनल हाईवे-53 होते हुए सेरीखेड़ी ओवरब्रिज के जरिए नया रायपुर पहुंचेंगे। वहां से स्टेडियम तिराहा और साईं अस्पताल रोड होते हुए परसदा-कोसा पार्किंग में वाहन पार्क किए जाएंगे। पार्किंग भरने की स्थिति में श्री सत्य साईं अस्पताल और सेंध तालाब पार्किंग का उपयोग किया जाएगा।

बिलासपुर, बलौदाबाजार, खरोरा, दुर्ग-भिलाई, धमतरी, जगदलपुर और महासमुंद की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए भी अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। सभी दर्शकों को तय पार्किंग स्थल में वाहन खड़ा करने के बाद पैदल स्टेडियम में प्रवेश करना होगा।

पासधारी वाहनों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है। पार्किंग पास A, B, C, D, E, F और G धारक वाहन सेरीखेड़ी ओवरब्रिज के रास्ते नया रायपुर में प्रवेश कर निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंच सकेंगे।

मैच के दौरान दोपहर 3 बजे से रात 1 बजे तक नया रायपुर के सभी प्रवेश मार्गों पर मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम में शराब, तंबाकू, माचिस, लाइटर, हथियार, पटाखे, कैमरा, लैपटॉप, बैग, बोतल, खाद्य सामग्री, लेजर लाइट और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को ले जाने पर रोक लगाई गई है।

रायपुर यातायात पुलिस ने दर्शकों से समय से पहले स्टेडियम पहुंचने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।