सोशल मीडिया पर खुलेआम हो रहा प्रमोशन
रायपुर में एक बार फिर कथित तौर पर अश्लील और विवादित पार्टी आयोजन को लेकर मामला गरमा गया है। जानकारी के मुताबिक “रेड रूम टेक्नो पार्टी” नाम से आयोजित होने वाली एक पार्टी का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर खुलेआम प्रचार किया जा रहा है।
प्रमोशनल वीडियो पर उठे सवाल
बताया जा रहा है कि पार्टी के प्रमोशनल वीडियो में नाबालिग लड़कियों का इस्तेमाल किया गया है। वीडियो को कथित रूप से अश्लील अंदाज में प्रस्तुत कर युवाओं को आकर्षित करने की कोशिश की गई है। इसे लेकर सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है।
नशे से जुड़े पदार्थ परोसने की आशंका
सूत्रों के अनुसार पार्टी में नशे से जुड़े पदार्थ परोसे जाने की भी आशंका जताई जा रही है। इसके बाद आयोजन स्थल की बुकिंग और अनुमति प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक यह पार्टी शुक्रवार शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक “फर्जी कैफे” नामक स्थान पर आयोजित होने वाली है। पार्टी के लिए 40 हजार, 20 हजार, 15 हजार, 10 हजार और 8 हजार रुपये तक की एंट्री फीस तय की गई है। वहीं कलाकारों से मुलाकात के लिए अलग से शुल्क लेने की बात भी सामने आई है।
पुलिस ने कहा- मामले की होगी जांच
मामले को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क हो गया है। ACP रमाकांत साहू ने कहा कि इस तरह के आयोजन की सूचना पुलिस को नहीं मिली थी। अब पूरे मामले को संज्ञान में लेकर जांच की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि शहर में किसी भी प्रकार का अश्लील या नियमों के विरुद्ध आयोजन न हो।





