अंबिकापुर। सरगुजा जिले में नायब तहसीलदार और सीतापुर विधायक के बीच विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एक ओर विधायक की बहन ने नायब तहसीलदार पर बदतमीजी का आरोप लगाया है, तो वहीं दूसरी तरफ नायब तहसीलदार ने विधायक और उनके समर्थकों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामले को लेकर प्रशासनिक अमले और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार मैनपाट तहसील कार्यालय में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी और सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो के बीच 27 मई को किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और कथित मारपीट की स्थिति बन गई।
मामले में विधायक रामकुमार टोप्पो की बहन सीमा धनकी ने सीतापुर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए नायब तहसीलदार पर बदतमीजी करने का आरोप लगाया है। वहीं नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी ने विधायक और उनके समर्थकों पर मारपीट तथा अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।
घटना के बाद छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ भी नायब तहसीलदार के समर्थन में सामने आया है। संघ ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर में सामूहिक हड़ताल की जा सकती है।
इधर, कलेक्टर अजीत बसंत ने दोनों पक्षों की शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की बात कही है।





