जशपुर/अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर और सरगुजा जिले में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। जशपुर के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र में हाथियों के दल ने किसानों की धान की फसलों को नुकसान पहुंचाया है। वहीं सरगुजा के उदयपुर वन परिक्षेत्र में एक लोनर हाथी घर में घुस गया और मकान के बड़े हिस्से को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटनाओं के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जशपुर में 12 हाथियों के दल से दहशत
जशपुर में करीब 12 हाथियों का दल दो अलग-अलग समूहों में बंटकर विचरण कर रहा है। हाथियों की मौजूदगी से पत्थलगांव वन परिक्षेत्र के कुनकुरी, इंजको, इला, किलकिला, जोराडोल और तिलडेगा क्षेत्र के ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
हाथियों के दल ने खेतों में पहुंचकर धान की फसलों को नुकसान पहुंचाया है। फसल को हुए नुकसान से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीण हाथियों के मूवमेंट को लेकर लगातार सतर्कता बरत रहे हैं।
फोटो-वीडियो बनाने से बढ़ रहा खतरा
वन विभाग ने ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। विभाग के मुताबिक हाथियों के नजदीक जाकर फोटो और वीडियो बनाने से जान का खतरा बढ़ सकता है।
वन अमला हाथियों की गतिविधियों और उनके मूवमेंट पर लगातार नजर रख रहा है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि हाथियों के करीब न जाएं और उनकी मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को दें।
सरगुजा में घर में घुसा लोनर हाथी
अंबिकापुर। सरगुजा के उदयपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम रामनगर में बीती रात एक लोनर हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी अचानक जवाहिर पण्डो के घर में घुस गया और मकान के बड़े हिस्से को क्षतिग्रस्त कर दिया।
हाथी के घर में घुसने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। घटना में परिवार को काफी नुकसान होने की बात सामने आई है।
वन विभाग ने कराई मुनादी
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन अमले ने गांव में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है।
फिलहाल वन विभाग की टीम लोनर हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। साथ ही क्षतिग्रस्त मकान का आकलन किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





