June 3, 2026

जहां लगती थी नक्सलियों की जनअदालत, वहीं CM साय ने लगाई जनचौपाल; कोंडपल्ली में सुशासन का संदेश

बीजापुर। छत्तीसगढ़ में चल रहे सुशासन तिहार 2026 के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार को बीजापुर जिले के कोंडपल्ली गांव पहुंचे। कभी नक्सल गतिविधियों के लिए चर्चित रहे इस गांव में मुख्यमंत्री ने इमली के पेड़ के नीचे जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विकास कार्यों की समीक्षा की।

सुशासन तिहार कार्यक्रम में जिले के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को बताया कि एक समय वे नक्सलियों के भय के साये में जीवन बिताने को मजबूर थे, लेकिन अब क्षेत्र में सड़क, स्कूल, आंगनबाड़ी और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंच रही हैं, जिससे गांव का माहौल तेजी से बदल रहा है।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर सड़क, बिजली, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की। ग्रामीणों ने विकास कार्यों को लेकर संतोष जताते हुए शासन-प्रशासन से और सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।

विशेष बात यह रही कि मुख्यमंत्री ने उसी स्थान पर जनचौपाल लगाई, जहां कभी नक्सलियों की कथित जनअदालत आयोजित होती थी। नक्सल प्रभाव कम होने के बाद अब क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जा रही है और शासन की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नक्सलवाद के कारण वर्षों तक आदिवासी क्षेत्रों का विकास प्रभावित रहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन एवं संकल्प के चलते नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हुई है, जिससे अब विकास कार्यों को गति मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों और आदिवासी समुदाय तक पहुंचे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का कार्य लगातार जारी रहेगा।

सुशासन तिहार के माध्यम से सरकार गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने और विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन कर रही है। कोंडपल्ली में आयोजित जनचौपाल को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।