रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की नई कोर ग्रुप सूची से वरिष्ठ नेताओं को बाहर किए जाने के बाद सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर गुटबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी बृजमोहन अग्रवाल जैसे वरिष्ठ नेता के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। वहीं भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इस बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें कोई भी किनारे नहीं कर सकता।
दरअसल, मंगलवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में हुई भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, मंत्री रामविचार नेताम और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल को नई सूची से बाहर कर दिया गया। इसे लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है।
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि भाजपा में गुटबाजी चरम पर है। उन्होंने कहा कि बृजमोहन अग्रवाल पार्टी के अनुभवी और वरिष्ठ नेता हैं, लेकिन उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है। बैज ने इसे भाजपा के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान का संकेत बताया।
वहीं सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा में कोर कमेटी में शामिल करना या बाहर करना सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि वह पिछले दस वर्षों से कोर कमेटी का हिस्सा रहे हैं और जब तक राजनीति में सक्रिय हैं, तब तक उन्हें कोई भी किनारे नहीं कर सकता।
इस दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी के काफिला और सरकारी वाहनों में ईंधन खपत कम करने संबंधी बयान पर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए। दीपक बैज ने कहा कि सरकार अब समीक्षा की बात कर रही है, जबकि पहले हालात सामान्य बताए जा रहे थे। उन्होंने सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग भी की।
बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है और उसे पहले अपने संगठन की चिंता करनी चाहिए।





