July 27, 2026

स्मार्ट मीटर, E20 पेट्रोल और टास्क फोर्स पर भूपेश बघेल का हमला, बोले- ‘अंधेर नगरी, चौपट राजा’ जैसी स्थिति

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्मार्ट मीटर, केंद्र सरकार के टास्क फोर्स गठन और E20 पेट्रोल के मुद्दे को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर से आम लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं और इसे अनिवार्य रूप से लागू नहीं किया जा सकता।

भूपेश बघेल ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। उनका दावा है कि स्मार्ट मीटर लगाना ऐच्छिक है, इसे अनिवार्य नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में “अंधेर नगरी, चौपट राजा” जैसी स्थिति बनी हुई है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूरे सिस्टम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े लोग बैठे हैं और भारतीय जनता पार्टी की नीयत ठीक नहीं है। उनका कहना था कि यदि किसी योजना को लागू करने वाले लोगों की मंशा सही नहीं होगी तो उसका लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पाएगा।

केंद्र सरकार द्वारा टास्क फोर्स के गठन पर भी बघेल ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केवल टास्क फोर्स बना देने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा। व्यवस्था में सुधार और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय किए बिना आम लोगों की परेशानियां दूर नहीं हो सकतीं।

E20 पेट्रोल को लेकर चल रही बहस पर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि E20 पेट्रोल लागू होने के बाद वाहनों का माइलेज प्रभावित हुआ है। बघेल ने व्यंग्य करते हुए कहा कि “नितिन गडकरी ने सबकी गाड़ियों का सत्यानाश कर दिया है।”

भूपेश बघेल के इन बयानों के बाद स्मार्ट मीटर, E20 ईंधन और सरकारी नीतियों को लेकर राजनीतिक बहस और तेज होने की संभावना है।