रायपुर। राजधानी रायपुर के मोवा स्थित अशोका आइकन में दिनदहाड़े बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाते हुए अलमारी का ताला तोड़कर ₹51.50 लाख नकद और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब ₹70 लाख बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामला पंडरी थाना क्षेत्र का है।
नया रायपुर गए थे परिवार के सदस्य
जानकारी के अनुसार, घटना के समय परिवार किसी काम से नया रायपुर गया हुआ था। घर लौटने पर उन्होंने देखा कि अलमारी का ताला टूटा हुआ है और उसमें रखी ₹51.50 लाख की नकदी के साथ सोने-चांदी के जेवरात गायब हैं। इसके बाद तत्काल पंडरी थाना पुलिस को सूचना दी गई।
रसोइए पर जताया संदेह
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। परिवार के सदस्यों ने घर में काम करने वाले रसोइए महेंद्र कुमार यादव पर अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करने का संदेह जताया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
CCTV फुटेज और एंट्री रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
पंडरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर सोसाइटी में आने-जाने वाले लोगों का रिकॉर्ड जुटाना शुरू कर दिया है। साथ ही परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्धों की तलाश के लिए पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।





