बलौदाबाजार। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण महानदी का जलस्तर बढ़ने से बल्दाकछार स्थित ‘द ट्री ऑफ लाइफ रिसॉर्ट (The Tree of Life Resort)’ पानी से घिर गया। इस दौरान रिसॉर्ट में मौजूद 24 पर्यटक, कर्मचारी और स्थानीय ग्रामीण अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही नगर सेना (होमगार्ड), पुलिस और जिला प्रशासन ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के चलते महानदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे रिसॉर्ट का संपर्क बाहरी इलाके से पूरी तरह कट गया। जलभराव के कारण वहां मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके। स्थिति की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान नगर सेना के जवानों ने नावों और अन्य आवश्यक संसाधनों की मदद से महिलाओं, बच्चों समेत सभी फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। अभियान के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर मौजूद रहकर पूरी कार्रवाई की निगरानी की।
इस बीच जिला प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे बाढ़ और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने पूरे जिले में सतर्कता बढ़ा दी है।
बलौदाबाजार पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि बल्दाकछार स्थित द ट्री ऑफ लाइफ रिसॉर्ट में कुछ पर्यटक बाढ़ के कारण फंस गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने नगर सेना (होमगार्ड) के साथ संयुक्त टीम मौके पर भेजी और सभी 24 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।





