July 23, 2026

अमलीपदर रथयात्रा में शामिल हुए सीएम विष्णुदेव साय, भगवान जगन्नाथ से प्रदेश की खुशहाली की कामना; पुल निर्माण के लिए 6 करोड़ की घोषणा

गरियाबंद। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को गरियाबंद जिले के अमलीपदर पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध कथावाचक पंडित युवराज पांडे के गृहग्राम में आयोजित भव्य रथयात्रा महोत्सव में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने गुंडिचा मंदिर में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, राजीव लोचन महाराज, राजिम विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप सहित कई जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। रथयात्रा में शामिल होने के लिए क्षेत्रभर से हजारों श्रद्धालु अमलीपदर पहुंचे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने देवभोग क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि देवभोग एक पवित्र भूमि है, जहां से भगवान जगन्नाथ के लिए भोग पुरी भेजा जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे पावन स्थल पर आना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

मुख्यमंत्री ने कथावाचक पंडित युवराज पांडे की सराहना करते हुए कहा कि वे अपनी कथाओं के माध्यम से न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश में प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक विरासत का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “पंडित युवराज हमारे गौरव हैं और वे राज्य की सांस्कृतिक पहचान को देशभर में स्थापित कर रहे हैं।”

रथयात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ के जयघोष और भक्ति गीतों से पूरा अमलीपदर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे।

जिला प्रशासन की तैयारी पर नाराज दिखे पंडित युवराज

कार्यक्रम के दौरान कथावाचक पंडित युवराज पांडे ने जिला प्रशासन की तैयारियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन की तारीख पहले से तय थी, लेकिन इसके बावजूद जिला कलेक्टर तैयारियों का जायजा लेने नहीं पहुंचे। हालांकि उन्होंने मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों का आमंत्रण स्वीकार कर रथयात्रा में शामिल होने के लिए आभार भी व्यक्त किया।

बांगटी नाला पुल के लिए 6 करोड़ की घोषणा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम के मंच से फरसरा-केन्दुपाटी मार्ग पर बांगटी नाला पुल निर्माण के लिए 6 करोड़ रुपये की स्वीकृति की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने सुपेबेड़ा जलप्रदाय योजना के लिए तेल नदी पर 7 करोड़ रुपये की स्वीकृत योजना का भी उल्लेख करते हुए क्षेत्र के विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।