July 29, 2026

जांजगीर-चांपा में साइबर ठगी का खुलासा, साथी आरक्षक का मोबाइल चुराकर 4.87 लाख उड़ाने वाला पुलिसकर्मी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। साइबर थाना जांजगीर पुलिस ने ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी के मामले का खुलासा करते हुए 11वीं बटालियन में पदस्थ एक आरक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अपने ही साथी आरक्षक का मोबाइल फोन चोरी कर उसमें मौजूद आधार नंबर का इस्तेमाल कर यूपीआई आईडी बनाने और बैंक खाते से करीब 4.87 लाख रुपये की अवैध निकासी करने का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ऑनलाइन गेम खेलने का आदी था और चोरी की गई रकम को भी ऑनलाइन गेम में खर्च कर दिया।

मोबाइल चोरी कर खाते से निकाले लाखों रुपये

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के चांदो निवासी सुधीर कुमार सिंह (41 वर्ष) 11वीं बटालियन जांजगीर में आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं।

उन्होंने साइबर थाना जांजगीर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 अप्रैल 2026 की रात करीब 10 बजे उन्होंने अपना वीवो वाई-21 मोबाइल फोन, जिसमें जियो के दो सिम लगे थे, बैरक में चार्जिंग पर लगाया था। रात करीब 11 बजे ड्यूटी से पहले जब वे मोबाइल लेने पहुंचे तो फोन गायब मिला।

कुछ दिनों बाद जब उन्हें पैसों की जरूरत पड़ी और उन्होंने बैंक खाते की जांच की तो खाते से रकम गायब मिली। बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर पता चला कि 24 अप्रैल से 3 मई 2026 के बीच अलग-अलग ऑनलाइन माध्यमों से उनके खाते से कुल 4,87,911 रुपये की अनधिकृत निकासी की गई है।

आरोपी आरक्षक पर हुआ शक

शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान 11वीं बटालियन में पदस्थ आरक्षक सुनील कुमार यादव पर पुलिस को संदेह हुआ।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से आरोपी बटालियन परिसर में मौजूद नहीं था, जिससे संदेह और गहरा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

आधार नंबर से बनाई यूपीआई आईडी

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने साथी आरक्षक का मोबाइल चोरी करने के बाद उसमें मौजूद आधार नंबर का इस्तेमाल कर यूपीआई आईडी बनाई। इसके बाद बैंक खाते से अलग-अलग ऑनलाइन माध्यमों से कुल 4,87,911 रुपये निकाल लिए।

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने चोरी की रकम ऑनलाइन गेम खेलने में खर्च कर दी।

BNS और IT एक्ट के तहत कार्रवाई

आरोपी के मेमोरेंडम कथन और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरक्षक सुनील कुमार यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66-C एवं 66-D के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

मोबाइल चोरी या गुम होने पर तुरंत उठाएं कदम

साइबर थाना जांजगीर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल चोरी या गुम होने की स्थिति में तुरंत सिम कार्ड बंद कराएं, बैंक और यूपीआई सेवाओं को इसकी सूचना दें तथा पासवर्ड और सुरक्षा सेटिंग्स को अपडेट करें।

पुलिस ने कहा कि मोबाइल में मौजूद व्यक्तिगत जानकारी और बैंकिंग सुविधाओं की सुरक्षा में लापरवाही भारी नुकसान का कारण बन सकती है।