मुंगेली। मुंगेली में रास्ता रोककर लूट और हत्या के प्रयास की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
प्रार्थी ताम्रज सिंह (21), निवासी झाफल थाना लोरमी, ने बताया कि 2 मार्च की रात करीब 3:30 बजे वह मोटरसाइकिल (CG 28 U 7390) से रायपुर के लिए निकला था। सुबह करीब 4:15 बजे मुंगेली-लोरमी तिराहा के पास तीन युवकों ने उसे रोक लिया।
आरोपियों ने उसके गले से सोने का लॉकेट लूट लिया, बाइक की हेडलाइट तोड़ दी और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। एक आरोपी ने उसका गला दबाकर जमीन पर गिरा दिया, जबकि दूसरा घटना का वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दे रहा था। पीड़ित किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से हुई पहचान
थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
रामगोपाल गर्ग द्वारा तैयार “त्रिनयन एप्लिकेशन” में दर्ज सीसीटीवी कैमरों की मदद से फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।
आरोपियों से बरामद हुआ सामान
गिरफ्तार आरोपियों में केशवपुर निवासी आशीष शिवारे (29), यशवंत रावते (27) और महामाई वार्ड सोनारपारा निवासी देवेश सोनी (24) शामिल हैं। पूछताछ में तीनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने यशवंत रावते से एक मोबाइल फोन और देवेश सोनी से “ॐ” लिखा सोने का लॉकेट बरामद किया है।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।





