कवर्धा। कबीरधाम जिले की बोड़ला थाना पुलिस ने महज सात दिनों के भीतर एक अंधे हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि जिस युवक की बेरहमी से हत्या की गई थी, उसका कातिल कोई और नहीं बल्कि उसका करीबी दोस्त ही निकला। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और 40 से अधिक सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर हत्या की गुत्थी सुलझा ली।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान दुर्ग जिले के जामुल निवासी 34 वर्षीय उदय प्रताप सिंह राजपूत के रूप में हुई थी। उसका शव बोड़ला थाना क्षेत्र के ग्राम बंजारी स्थित एक ढाबे के पास संदिग्ध अवस्था में मिला था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
शराब पीने के दौरान हुआ विवाद, पत्थर से की हत्या
जांच में पता चला कि घटना वाले दिन मृतक अपने दोस्त हीरासिंह उर्फ बउवा केंवट के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आरोपी ने पास में पड़े पत्थर से उदय प्रताप सिंह के सिर और सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की नीयत से मृतक की मोटरसाइकिल लेकर घटनास्थल से फरार हो गया।
40 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पहुंची पुलिस
हत्या की जांच के दौरान कबीरधाम पुलिस ने 40 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले सबूतों और लगातार की गई जांच के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल खून से सना पत्थर, घटना के समय पहने गए खून लगे कपड़े और मृतक की मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
आरोपी भेजा गया न्यायिक हिरासत में
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों की मदद से इस अंधे हत्याकांड का त्वरित खुलासा संभव हो सका।
मामूली विवाद में दोस्त द्वारा दोस्त की हत्या की यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।





