May 14, 2026

आरंग में अवैध रेत भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 142 हाइवा रेत जब्त

गुल्लू गांव के पास प्रशासन की संयुक्त दबिश

आरंग क्षेत्र में अवैध रेत भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम गुल्लू के पास भारी मात्रा में अवैध रेत का जखीरा बरामद किया है। राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए कुल 142 हाइवा रेत जब्त की, जिसे ग्राम पंचायत गुल्लू की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है।

दो अलग-अलग स्थानों पर मिला अवैध भंडारण

प्रशासन को लंबे समय से इलाके में अवैध रेत डंपिंग की शिकायत मिल रही थी। इसी आधार पर अधिकारियों ने दो प्रमुख स्थानों पर दबिश दी।

गुल्लू-अकोली मार्ग पर सुंदर नगर भिलाई निवासी प्रिंस जायसवाल की निजी जमीन पर लगभग 81 हाइवा खनिज रेत का अवैध भंडारण पाया गया। वहीं गुल्लू-देवरी मार्ग पर आरंग निवासी अविनाश अग्रवाल द्वारा डंप की गई करीब 61 हाइवा रेत भी जब्त की गई।

ग्राम पंचायत को सौंपी गई जब्त रेत

कार्रवाई के बाद जब्त की गई पूरी 142 हाइवा रेत को तत्काल ग्राम पंचायत गुल्लू के सुपुर्द कर दिया गया। प्रशासन ने साफ कहा है कि बिना वैध दस्तावेज और रॉयल्टी पर्ची के रेत का भंडारण पूरी तरह गैरकानूनी है।

रेत माफियाओं को चेतावनी

इस कार्रवाई का नेतृत्व खनिज निरीक्षक प्रिया सिन्हा ने किया। टीम में सुनील दत्त शर्मा, लुकेश वर्मा और तारकेश्वर वर्मा भी शामिल रहे।

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और भंडारण करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। विभाग के अनुसार रेत माफियाओं के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।