September 6, 2026

Kondagaon Naxal News: सर्चिंग के दौरान नक्सल डंप बरामद, पिस्टल-बारूद और वॉकी-टॉकी समेत सामान जब्त

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। पुष्पपाल क्षेत्र के घने जंगलों में जवानों ने नक्सल डंप बरामद किया है। डंप से पिस्टल, वॉकी-टॉकी, बारूद, वायर और अन्य सामग्री जब्त की गई है।

पुष्पपाल के जंगल में मिला नक्सल डंप

जानकारी के अनुसार, रविवार को सुरक्षाबलों की टीम पुष्पपाल क्षेत्र के जंगलों में सर्चिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान जवानों को जंगल में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए सामान का डंप मिला।

बरामद डंप में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री होने की जानकारी सामने आई है। सुरक्षाबलों ने मौके पर सावधानी बरतते हुए सामग्री को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला।

पिस्टल, 6 वॉकी-टॉकी और बारूद बरामद

कार्रवाई के दौरान डंप से एक पिस्टल, करीब 6 वॉकी-टॉकी, बम बनाने में इस्तेमाल होने वाले वायर और बड़ी मात्रा में बारूद बरामद किया गया है। विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित तरीके से निकालने के लिए बीडीएस (Bomb Disposal Squad) की मदद ली गई।

बरामद सामग्री को सुरक्षा के लिहाज से कब्जे में लेकर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नक्सलियों ने यह डंप कब और किस उद्देश्य से तैयार किया था।

अभियान के बाद सुरक्षित लौटे जवान

नक्सल विरोधी अभियान के बाद सभी जवान सुरक्षित रूप से अपने कैंप वापस लौट आए हैं। पुलिस की ओर से जल्द ही इस पूरी कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा किए जाने की संभावना है।

फिलहाल सुरक्षाबलों की ओर से क्षेत्र में सर्चिंग अभियान जारी है और जंगलों में छिपाकर रखी गई अन्य सामग्री की तलाश की जा रही है।