May 14, 2026

दुर्ग में 15 लाख का अफीम जब्त, कुम्हारी पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी

दुर्ग। जिले की कुम्हारी थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध खरीद-फरोख्त के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15 लाख रुपये मूल्य का अफीम बरामद किया है। इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि झारखंड से मादक पदार्थ लाकर दुर्ग और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।

जांच के दौरान सुरेंद्र उर्फ सुंदर साहू और राजकेश्वर साहू की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 12 मई को NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया।

15 लाख रुपये का अफीम जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 15 लाख रुपये मूल्य का अफीम बरामद किया है। पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी झारखंड के गुमला जिले के निवासी हैं और वहीं से मादक पदार्थ लाकर दुर्ग सहित आसपास के इलाकों में सप्लाई करते थे।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे सप्लाई नेटवर्क को जल्द उजागर किया जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले भी दुर्ग में हाइड्रोपोनिक गांजा के मामले में कार्रवाई हो चुकी है, जिसमें प्रदेश में पहली बार इस तरह का मादक पदार्थ बरामद किया गया था।