रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह “रंगोत्सव” और “महामूर्ख सम्मेलन 2026” में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को सुदृढ़ करने का पर्व है। यह त्योहार गिले-शिकवे भुलाकर संबंधों को नए सिरे से मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर प्रेस क्लब में पर्वों को मिल-जुलकर मनाने की गौरवशाली परंपरा रही है। वर्षों से होली मिलन और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है, जो आगे भी जारी रहना चाहिए। उन्होंने प्रेस क्लब परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता की कामना की।
इस दौरान प्रेस क्लब के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का मिर्ची की माला पहनाकर और त्रिशूलनुमा पिचकारी भेंट कर अनूठे अंदाज में स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने होली विशेषांक ‘सेंसलेस टाइम्स’ का विमोचन भी किया।
नगाड़े की थाप पर झूमे पत्रकार
समारोह में उत्साह उस समय चरम पर पहुंच गया, जब मुख्यमंत्री ने स्वयं नगाड़ा बजाकर माहौल को और भी उल्लासपूर्ण बना दिया। नगाड़े की थाप के साथ पत्रकारों और अतिथियों ने तालियों से उत्साह व्यक्त किया। पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की धुन पर मुख्यमंत्री भी फाग गीतों के साथ रंगों के उत्सव में सहभागी बने।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, सलाहकार आर. कृष्णा दास, राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, नगर निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और पत्रकार उपस्थित रहे।




