March 3, 2026

कवर्धा के कुकदुर में सक्रिय ‘छल्ला’ लुटेरा गैंग का पर्दाफाश, नाबालिग समेत 6 गिरफ्तार

कवर्धा। जिले के कुकदुर थाना क्षेत्र में सक्रिय लुटेरा गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए एक नाबालिग सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगदी रकम, लूट में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गिरोह ने अपने गैंग का नाम ‘छल्ला’ रखा था और सभी आरोपी कुकदुर क्षेत्र के ही निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार गिरोह पिछले कई महीनों से क्षेत्र में सक्रिय था। अंधेरे और सुनसान रास्तों पर राहगीरों तथा स्थानीय व्यापारियों को रोककर लूटपाट की जाती थी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जाती थी। कुछ मामलों में पीड़ितों के साथ मारपीट कर गंभीर चोटें भी पहुंचाई गईं।

लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी। सटीक सूचना के आधार पर दबिश देकर सभी को गिरफ्तार किया गया।

जिले के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह छ्वाई ने बताया कि कुकदुर बैगा बाहुल्य क्षेत्र है, जहां इस गिरोह ने दहशत का माहौल बना रखा था। बाहरी व्यापारियों और राहगीरों को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दिया जाता था। आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य मामलों का भी खुलासा होने की संभावना है।

पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।