August 1, 2026

खैरागढ़ में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक्सपायरी कीटनाशक बेचने पर कृषि केंद्र सील

खैरागढ़। खरीफ सीजन के दौरान किसानों के हितों की सुरक्षा को लेकर कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ईतवारी बाजार स्थित मेसर्स साहू कृषि केन्द्र को सील कर दिया। विभागीय जांच में दुकान से बड़ी मात्रा में एक्सपायरी हो चुके कीटनाशक मिलने के साथ उनके विक्रय की भी पुष्टि हुई। गंभीर अनियमितताओं के चलते पूरे स्टॉक को जब्त कर कृषि केन्द्र को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

यह कार्रवाई कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन और उपसंचालक कृषि राजकुमार सोलंकी के मार्गदर्शन में विभागीय निरीक्षकों की टीम ने की। जांच के दौरान पाया गया कि दुकान में बिना स्रोत प्रमाण पत्र और आवश्यक दस्तावेजों के कीटनाशकों का भंडारण किया गया था। साथ ही नियमानुसार मूल्य सूची भी प्रदर्शित नहीं की गई थी।

निरीक्षण के दौरान बड़ी मात्रा में एक्सपायरी कीटनाशक बरामद हुए। विभागीय जांच में इन उत्पादों की बिक्री किए जाने की भी पुष्टि हुई, जिसे किसानों की फसल और सुरक्षा के लिए गंभीर लापरवाही माना गया।

कृषि विभाग ने कृषि केन्द्र संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही किसानों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी नकली, अवैध या संदिग्ध कृषि आदान सामग्री की बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल विभाग को सूचित करें।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि कीटनाशी अधिनियम एवं उर्वरक नियंत्रण आदेश का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।