March 3, 2026

बीएसपी पर वादाखिलाफी का आरोप, ट्रक यूनियन का चक्काजाम; नारायणपुर–अंतागढ़ मार्ग घंटों जाम

नारायणपुर। जिले में खनन गतिविधियों और प्रशासनिक प्रतिबंधों के विरोध में ट्रक मालिकों और जनप्रतिनिधियों का आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए ट्रक यूनियन ने जोरदार चक्काजाम किया। अचानक हुए इस प्रदर्शन से नारायणपुर–अंतागढ़ मुख्य मार्ग पर घंटों यातायात बाधित रहा और यात्री बसें सहित कई वाहन जाम में फंसे रहे।

दरअसल, जिले के खोड़गांव–अंजरेल क्षेत्र में बीएसपी की लौह अयस्क खदान संचालित है। यहां से निकाले गए अयस्क को ट्रकों के जरिए लगभग 50 किलोमीटर दूर अंतागढ़ तक ले जाया जाता है। ट्रक मालिकों का कहना है कि मार्ग सिंगल लेन होने के कारण प्रशासन ने भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है।

प्रतिबंध के चलते ट्रकों को कोंडागांव होकर करीब 250 किलोमीटर लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिससे डीजल, समय और श्रम की लागत कई गुना बढ़ गई है। शहर में दिन के समय ट्रकों के प्रवेश पर रोक और केवल रात में अनुमति मिलने से चालकों को अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नारायणपुर से कोंडागांव तक NH130D का निर्माण कार्य जारी है। अधूरी सड़क, उड़ती धूल और कम दृश्यता के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बताया जा रहा है कि बीएसपी माइंस से जुड़े करीब 250 और निको से जुड़े लगभग 600 ट्रक प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरते हैं, जिससे जाम की स्थिति आम हो गई है।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि या तो प्रतिबंध हटाए जाएं या वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने जिला खनिज न्यास (DMF) की राशि को लेकर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि नारायणपुर में संचालित खदान की डीएमएफ राशि दूसरे जिले कांकेर को जा रही है, जिससे स्थानीय विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उनका कहना है कि यदि यह राशि नारायणपुर को मिले, तो सड़क, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर किया जा सकता है।