धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला मगरलोड थाना क्षेत्र के धौराभाटा गांव का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक विधवा महिला के सूने घर में सेंध लगाकर अलमारी में रखे 28 हजार रुपये चोरी कर लिए। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से जल्द कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, धौराभाटा निवासी संतोषी साहू अपने दो बेटों के साथ रहती हैं। उन्होंने रवि फसल के धान की बिक्री से करीब 58 हजार रुपये कमाए थे। इनमें से 28 हजार रुपये उन्होंने अपने घर की अलमारी में सुरक्षित रखे थे।
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले संतोषी साहू काम पर गई थीं। इसी दौरान सूने मकान का फायदा उठाकर अज्ञात चोर ने घर के पीछे के दरवाजे में सेंधमारी की और अलमारी में रखी नकदी लेकर फरार हो गया। घर लौटने पर महिला को चोरी की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने मगरलोड थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।





