July 25, 2026

खेत की जुताई के दौरान पलटा ट्रैक्टर, नीचे दबने से युवक की मौत; गांव में पसरा मातम

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर पलटने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के टिकरापारा गांव में हुआ। मृतक की पहचान सुरेन्द्र तिग्गा (26 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुरेन्द्र खेत में ट्रैक्टर से जुताई का कार्य कर रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया और वह उसके नीचे दब गया।

हादसे की सूचना मिलते ही कमलेश्वरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे सुरेन्द्र को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद टिकरापारा गांव में शोक का माहौल है।