कोरबा। बालको थाना क्षेत्र में युवती के पिता पर गोली चलाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के बाद से फरार चल रहे मुख्य साजिशकर्ता आरोपी को बालको पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ डकैती सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
क्या है पूरा मामला ?
यह घटना 19 फरवरी की बताई जा रही है। बालको थाना क्षेत्र के दोन्द्रों संगम नगर में प्रेम प्रसंग के विवाद को लेकर एक युवती के पिता पर गोली चलाई गई थी। हालांकि, गोली पिता को नहीं लगी और वे इस हमले में बाल-बाल बच गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी।
पुलिस की कार्रवाई में पहले ही मुख्य आरोपी बालको निवासी 22 वर्षीय साहिल मासी को गिरफ्तार किया जा चुका है। उसके पास से एक देशी कट्टा और कारतूस भी बरामद हुए थे। लेकिन वारदात की साजिश रचने और हथियार उपलब्ध कराने वाला आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।
अब पुलिस ने लगातार तलाश और मुखबिर की सूचना के आधार पर फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। बालको थाना पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर उसे दबोचा।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल थे।





