जगदलपुर। बस्तर संभाग में सोमवार को स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और जनसेवा से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आई हैं। दूरदराज के गांवों में झोलाछाप डॉक्टरों के बढ़ते नेटवर्क को लेकर ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग उठाई है। वहीं जगदलपुर पुलिस ने चोरी करने वाली महिला को गिरफ्तार किया है। सुकमा में पांच किलो गांजा के साथ दो तस्कर पकड़े गए, जबकि नारायणपुर पुलिस ने 59 गुम मोबाइल उनके मालिकों को लौटाकर मिसाल पेश की है।
गांव-गांव सक्रिय झोलाछाप डॉक्टर, ग्रामीणों की जान से हो रहा खिलवाड़
जगदलपुर। बस्तर के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का फायदा उठाकर झोलाछाप डॉक्टर खुलेआम इलाज कर रहे हैं। बिना डिग्री और बिना लाइसेंस मोटरसाइकिल पर दवाइयों का बैग लेकर गांव-गांव पहुंचने वाले लोग बुखार, मलेरिया, उल्टी-दस्त समेत गंभीर बीमारियों का उपचार करने का दावा कर रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई लोग मेडिकल स्टोर या निजी क्लीनिक में काम करने के बाद खुद को डॉक्टर बताकर क्लीनिक संचालित कर रहे हैं। इलाज के नाम पर इंजेक्शन और दवाइयां देकर मरीजों की जान जोखिम में डाली जा रही है। कुछ मेडिकल स्टोर्स पर बिना डॉक्टर की पर्ची के दवाइयां बेचने के आरोप भी लगे हैं।
सीएमएचओ डॉ. संजय बसाक ने कहा कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाती है और नियमों के तहत आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
CCTV फुटेज से पकड़ाई मोबाइल चोरी करने वाली महिला
जगदलपुर। कोतवाली पुलिस ने घरों और सार्वजनिक स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। 22 जुलाई को पथरागुड़ा क्षेत्र में पर्स और मोबाइल चोरी की शिकायत के बाद पुलिस ने शहरभर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
जांच में दो बच्चों के साथ घूम रही संदिग्ध महिला की पहचान हुई। पूछताछ में उसने शहर के अलग-अलग स्थानों से मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पांच मोबाइल फोन और एक लेडीज पर्स बरामद किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
बनारस के लिए सीधी ट्रेन की मांग फिर हुई तेज
जगदलपुर। बस्तर से वाराणसी के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। स्थानीय नागरिकों ने रेलवे महाप्रबंधक को पत्र भेजकर सप्ताह में कम से कम तीन दिन ट्रेन चलाने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि इससे तीर्थयात्रियों, छात्रों और बिहार-झारखंड से जुड़े हजारों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। फिलहाल रेलवे ने दोहरीकरण कार्य पूरा होने तक नई ट्रेन शुरू करने से इनकार किया है। यात्रियों ने अंतरिम व्यवस्था के रूप में अतिरिक्त कोच जोड़ने का सुझाव भी दिया है।
दोरनापाल में 5 किलो गांजा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
सुकमा। दोरनापाल पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। दोनों आरोपी ओडिशा के मलकानगिरी जिले के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक नितिन उपाध्याय के नेतृत्व में की गई। पुलिस सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और सख्त करने की बात कह रही है।
‘निक मोबाइल इयाना’ अभियान में 59 लोगों को लौटे मोबाइल
नारायणपुर। साइबर सेल के विशेष अभियान ‘निक मोबाइल इयाना’ के तहत पुलिस ने गुम हुए 59 मोबाइल फोन खोजकर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत 11 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस ने नागरिकों से मोबाइल गुम होने पर तुरंत CEIR पोर्टल पर जानकारी दर्ज कराने तथा साइबर ठगी की स्थिति में 1930 हेल्पलाइन पर तत्काल संपर्क करने की अपील की है।
बारिश में भीगा राशन, भंडारण व्यवस्था पर उठे सवाल
नारायणपुर। अबूझमाड़ के कस्तूरमेटा उचित मूल्य दुकान में बारिश का पानी घुसने से राशन भीगने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि भीगे हुए चावल को सुखाकर हितग्राहियों में वितरित किया गया।
ग्रामीणों ने खराब भंडारण व्यवस्था, दुकान के अनियमित संचालन और राशन की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। सरपंच ने भवन की छत की मरम्मत की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने CSP सुमित घोत्रे को किया सम्मानित
जगदलपुर। जगदलपुर नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) सुमित घोत्रे को कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनकेंद्रित पुलिसिंग में उत्कृष्ट कार्य के लिए केंद्रीय गृह मंत्री के हाथों सम्मानित किया गया।
सम्मान मिलने पर सीएसपी घोत्रे ने इसे पूरी बस्तर पुलिस टीम की उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर टीमवर्क, जनता का विश्वास और त्वरित पुलिस सेवा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। यह सम्मान बस्तर पुलिस के मनोबल को और मजबूत करेगा।





