रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मॉर्निंग वॉक के दौरान विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूट की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार, 18 मई की सुबह करीब 7:15 बजे धरमलाल कौशिक अपने शासकीय निवास से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे एक बाइक सवार युवक ने उनका मोबाइल झपटकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्राइम ब्रांच तथा थानों की संयुक्त टीमों को जांच में लगाया गया। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और तकनीकी विश्लेषण व मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसके पास से छीना गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मणिकांत ध्रुव (उम्र लगभग 19 वर्ष) निवासी जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के रूप में हुई है, जो वर्तमान में रायपुर के राजीव नगर क्षेत्र में रह रहा था। बताया गया कि आरोपी रैपिडो चलाने का काम भी करता है।
पुलिस का कहना है कि शहर में अपराधों पर नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई के लिए इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।




