राजनांदगांव। शहर में दुकानों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। राजनांदगांव पुलिस ने राजस्थान के एक अंतरराज्यीय शातिर चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं गिरोह के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
क्या है पूरा मामला ?
पुलिस के अनुसार, शहर के अलग-अलग इलाकों में रात के समय दुकानों की छत के रास्ते अंदर घुसकर गल्ले से नकदी और कीमती सामान चोरी किए जाने की घटनाएं सामने आ रही थीं। इन मामलों में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 456/25, 478/25, 532/25 और 537/25 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
दर्ज प्रमुख चोरी की घटनाएं
महावीर चौक स्थित एक हार्डवेयर दुकान से 3-4 सितंबर 2025 की रात करीब 60 हजार रुपये की चोरी, मानव मंदिर चौक स्थित मेडिकल स्टोर से 17-18 सितंबर 2025 की रात लगभग 7 लाख रुपये नकद चोरी, नरेश वॉच दुकान से 2.50 लाख रुपये नकद और 12 से 13 कीमती घड़ियों की चोरी, तथा हमालपारा स्थित एक साड़ी दुकान से करीब 4 लाख रुपये नकदी और सोने की चेन चोरी की घटना शामिल है।
जांच में खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में टीम ने सीसीटीवी फुटेज, टावर डंप और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की। जांच में यह सामने आया कि इन वारदातों में राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के एक अंतरराज्यीय गिरोह की संलिप्तता है।
इसके बाद पुलिस टीम ने राजस्थान में दबिश देकर मुख्य आरोपी दिनेश चरपोटा को गिरफ्तार किया। आरोपी को केंद्रीय जेल बांसवाड़ा से प्रोडक्शन वारंट पर राजनांदगांव लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
फरार आरोपी
पुलिस के अनुसार, इस मामले में हरिश उर्फ हरिया चरपोटा, परमेश उर्फ फन्टु चरपोटा और सुनील चरपोटा अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले में चोरी और अन्य अपराधों पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





